Hamara Hathras

Latest News

सासनी 14 जून । कोतवाली क्षेत्र के गांव शाहपुर खुर्द में आज सुबह पति-पत्नी के बीच हुआ घरेलू विवाद उस समय हिंसक हो गया, जब एक नवविवाहित महिला ने कथित रूप से अपने पति पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक को उपचार के लिए पहले कस्बे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसकी हालत गंभीर होने पर अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार शाहपुर खुर्द निवासी 24 वर्षीय दुर्गेश पुत्र स्वर्गीय सुरेश कुमार का रविवार सुबह करीब पांच बजे अपनी पत्नी शीतल के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर पत्नी ने किसी वस्तु से दुर्गेश पर हमला कर दिया। हमले में घायल दुर्गेश खून से लथपथ होकर अपनी मां की गोद में गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। सूचना पाकर स्थानीय पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई और मामले की जानकारी जुटाई। घायल युवक की मां अलका देवी ने बताया कि उनके बेटे दुर्गेश की शादी करीब एक वर्ष पूर्व शीतल के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही दोनों के बीच अक्सर विवाद और मनमुटाव होता रहता था। उन्होंने बताया कि करीब एक वर्ष पहले उनके पति सुरेश कुमार का निधन हो गया था, जिसके बाद दुर्गेश ही परिवार का एकमात्र सहारा है। वह गांव में परचूनी की दुकान संचालित कर अपनी मां और परिवार का भरण-पोषण करता है। कोतवाली प्रभारी विपिन चौधरी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है तथा प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page