
हाथरस 12 सितम्बर। कोतवाली सदर क्षेत्र के व्यस्ततम चावड़ गेट इलाके में चोरों ने एक दुकान का ताला तोड़कर दराज में रखे 1 लाख 10 हजार रुपये पार कर दिए। घटना की जानकारी होने पर आसपास के व्यापारियों में हड़कंप मच गया। पीड़ित व्यापारी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। चावड़ गेट निवासी गोविंद अग्रवाल पुत्र विमल अग्रवाल की राजगढ़िया ब्रदर्स एसएस मार्ट के सामने दुकान है। गोविंद अग्रवाल के अनुसार आठ सितंबर की रात करीब नौ बजे वह रोजाना की तरह दुकान बंद करके घर चले गए थे। अगले दिन नौ सितंबर की सुबह उनकी पत्नी नीलम अग्रवाल दुकान पर पूजा करने पहुंचीं। वहां दुकान का ताला टूटा देखकर उन्होंने तत्काल फोन कर पति को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही गोविंद अग्रवाल दुकान पर पहुंचे। दुकान का ताला टूटा हुआ था और अंदर दराज में रखे 1 लाख 10 हजार रुपये गायब मिले। आशंका जताई गई कि रात के समय किसी अज्ञात चोर ने दुकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास की जानकारी जुटाई। पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि चोर की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सके। सीओ हिमांशु माथुर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपित को गिरफ्तार किया जाएगा।
व्यापारियों ने की गश्त बढ़ाने की मांग
चावड़ गेट जैसे व्यस्त बाजार क्षेत्र में चोरी की वारदात सामने आने के बाद व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। व्यापारियों ने पुलिस अधिकारियों से रात के समय क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी तरीके से अंकुश लगाया जा सके।







