
हाथरस 26 अगस्त। जिला आबकारी अधिकारी के कुशल मार्गदर्शन में आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 26 अगस्त को क्षेत्रीय आबकारी निरीक्षक ने स्टाफ के साथ जनपद में देशी शराब एवं कंपोजिट शॉप की फुटकर दुकानों का आकस्मिक एवं सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आबकारी टीम ने शराब की दुकानों में उपलब्ध मदिरा के संचित स्टॉक का मिलान किया। इसके साथ ही रैंडम आधार पर शराब की बोतलों पर अंकित QR कोड को एक्साइज एप के माध्यम से स्कैन कर मदिरा का सत्यापन किया गया। अधिकारियों ने दुकानों पर बिक्री प्रक्रिया और स्टॉक की स्थिति का भी जायजा लिया। आबकारी अधिकारियों ने शराब विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि POS मशीन के माध्यम से प्रत्येक मदिरा की 100 प्रतिशत स्कैनिंग करने के बाद ही बिक्री की जाए। अधिकारियों ने निर्धारित नियमों एवं विभागीय निर्देशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, आबकारी विभाग की टीम ने सादाबाद क्षेत्र के करैया गांव में भी दबिश दी। गांव में दबिश देकर अवैध शराब से संबंधित गतिविधियों की जांच की गई। विभाग की कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। आबकारी विभाग द्वारा की जा रही इस कार्रवाई का उद्देश्य शराब की दुकानों पर निर्धारित नियमों के अनुसार बिक्री सुनिश्चित करने के साथ-साथ अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाना है। विभाग ने संकेत दिया है कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।













