Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 26 अगस्त। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा मातृशक्ति को समर्पित ‘लोक माता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना के अंतर्गत प्रदेश की 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा प्रदान करने तथा रक्षाबंधन के पावन अवसर पर माताओं, बहनों एवं बेटियों को सहयात्री सहित निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा के शुभारंभ के अवसर पर बुधवार को सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज, हाथरस के ऑडिटोरियम में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम सदर विधायक श्रीमती अंजुला सिंह माहौर की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में 500 से अधिक लाभार्थियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के प्रारंभ में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा सदर विधायक श्रीमती अंजुला सिंह माहौर का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इसके साथ ही मंच पर उपस्थित जिला अध्यक्ष, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं मुख्य विकास अधिकारी का भी पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।

रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर विधायक श्रीमती अंजुला सिंह माहौर ने मातृशक्ति को रक्षाबंधन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम, विश्वास, अपनत्व और सुरक्षा का पवित्र प्रतीक है। उन्होंने भगवान बिहारी जी से प्रार्थना की कि सभी भाई-बहनों के बीच किसी भी प्रकार का मनमुटाव समाप्त हो और वे नए सिरे से प्रेम एवं सौहार्द के साथ अपने संबंधों को मजबूत करें। विधायक ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं एवं बेटियों के हित में निरंतर महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित कर रही है। कन्या सुमंगला योजना, कन्या जन्मोत्सव, सामूहिक विवाह, महिला एवं विधवा पेंशन तथा महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से मातृशक्ति को लगातार लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर बहनों को परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान करना सरकार की संवेदनशील सोच को दर्शाता है। इसके साथ ही 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत निःशुल्क बस यात्रा की व्यवस्था भी सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि सरकार एवं पुलिस प्रशासन महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं और किसी भी महिला को किसी प्रकार की समस्या होने पर बिना संकोच पुलिस तक अपनी बात पहुंचानी चाहिए।कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह ने भी मातृशक्ति को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा रक्षाबंधन के अवसर पर बहनों के लिए निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा तथा माता अहिल्याबाई होलकर योजना का शुभारंभ महिलाओं के सम्मान, सुविधा और सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें समाज की मुख्यधारा में समान अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने मातृशक्ति से सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा अन्य महिलाओं को भी इन योजनाओं के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

जिलाधिकारी अतुल वत्स ने सदर विधायक एवं जिला अध्यक्ष सहित कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों और मातृशक्ति का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति समाज की सबसे बड़ी शक्ति है और जब बड़ी संख्या में माताएं एवं बहनें एक स्थान पर एकत्र होती हैं तो वहां की ऊर्जा और सकारात्मकता का सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है। जिलाधिकारी ने महिलाओं से ‘माता अहिल्याबाई होलकर योजना’ के बारे में अपने समाज, मोहल्ले एवं आसपास की अन्य महिलाओं को भी अधिक से अधिक जानकारी देने की अपील की। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अवसर और समान अधिकार मिलने पर वे न केवल परिवार बल्कि कार्यालय, संस्थान और आवश्यकता पड़ने पर शासन-प्रशासन की जिम्मेदारियां भी पूरी दक्षता के साथ संभाल सकती हैं। जिलाधिकारी ने माताओं से बेटियों को बेटों के समान अवसर और बेहतर शिक्षा देने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि घर में आने वाली बहुओं को भी सम्मान, अपनापन और सहयोग मिलना चाहिए। बेटियां और बहुएं अपने परिवार एवं संस्कारों को छोड़कर नए परिवार में आती हैं, इसलिए उनके प्रति संवेदनशीलता और सम्मान रखना प्रत्येक व्यक्ति का सामाजिक दायित्व है। उन्होंने रक्षाबंधन के अवसर पर सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई निःशुल्क बस यात्रा सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि महिलाओं के स्वावलंबन, सुरक्षा एवं समान अवसर के लिए शासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों में समाज की सहभागिता भी बेहद जरूरी है। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से ही समाज को सशक्त, आत्मनिर्भर और समावेशी बनाया जा सकता है।

पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को लेकर पुलिस द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि जनपद में महिला पुलिस बल की संख्या बढ़कर करीब 400 हो गई है। प्रत्येक थाने में मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां महिलाएं एवं बेटियां सुरक्षित और गोपनीय वातावरण में अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं। उन्होंने कहा कि महिला अपराधों में कमी आई है तथा अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार की जा रही है। एसपी ने विद्यालयों के आसपास छात्राओं की सुविधा एवं सुरक्षा के दृष्टिगत पिंक बूथ स्थापित किए जाने का भी अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि ‘आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प’ के साथ पुलिस महिलाओं की सुरक्षा के लिए 24 घंटे तत्पर है। किसी भी महिला या बेटी को आवश्यकता होने पर तत्काल पुलिस की सहायता लेनी चाहिए। इस अवसर पर परिवहन विभाग द्वारा संचालित ‘लोक माता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना का मुख्यमंत्री द्वारा इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ से किए गए शुभारंभ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज के ऑडिटोरियम में किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री के उद्बोधन को देखा और सुना। योजना के शुभारंभ को लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। कार्यक्रम में मौजूद मातृशक्ति ने निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सुविधा से अब उन्हें यात्रा के लिए किसी अन्य व्यक्ति पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। वे अपने आवश्यक कार्यों के साथ-साथ धार्मिक एवं तीर्थस्थलों की यात्रा भी सुविधापूर्वक कर सकेंगी। महिलाओं ने इस योजना को उनके लिए सम्मान, सुविधा और आत्मनिर्भरता से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया।

रक्षाबंधन के पावन अवसर पर कार्यक्रम में भावनात्मक एवं आत्मीय माहौल भी देखने को मिला। मातृशक्ति ने सदर विधायक श्रीमती अंजुला सिंह माहौर, जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा एवं मुख्य विकास अधिकारी को राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने महिलाओं को उनके सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम ने महिला सम्मान, सुरक्षा, स्वावलंबन और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, जिला विकास अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, क्षेत्रीय प्रबंधक हाथरस एवं अतरौली, जिला कार्यक्रम अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका हाथरस, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर, जनप्रतिनिधिगण, पत्रकार बंधु सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं 500 से अधिक लाभार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान मातृशक्ति ने सरकार की निःशुल्क बस यात्रा योजना को लेकर उत्साह व्यक्त किया और इसे महिलाओं, विशेषकर बुजुर्ग महिलाओं के लिए बड़ी सुविधा बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page