Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 25 अगस्त। उज्जैन महाकाल के दर्शन के लिए परिवार के साथ निकलीं हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव महौ निवासी यूट्यूबर छवि वार्ष्णेय और उनकी मां सारिका की मध्य प्रदेश में हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा मंगलवार सुबह उज्जैन-गरोठ फोरलेन पर रामाखेड़ी गांव के पास हुआ, जहां उनकी कार सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। दुर्घटना में छवि के पिता श्यामलाल समेत परिवार के तीन लोग घायल हो गए हैं, जिनमें पिता की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार छवि वार्ष्णेय सोमवार देर रात अपने माता-पिता और परिवार के साथ कार से उज्जैन महाकाल के दर्शन के लिए रवाना हुई थीं। मंगलवार सुबह रामाखेड़ी गांव के पास उनकी कार की ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि छवि और उनकी मां सारिका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की सूचना मिलते ही हाथरस से परिजन मध्य प्रदेश के लिए रवाना हो गए। घटना की जानकारी गांव पहुंचते ही महौ में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार में कोहराम मच गया।

छवि के चचेरे भाई सचिन वार्ष्णेय के अनुसार, छवि ने वर्ष 2021 में यूट्यूब चैनल शुरू किया था। शुरुआत में वह डेली लाइफ व्लॉग बनाती थीं और बाद में गेमिंग वीडियो भी बनाने लगीं। धीरे-धीरे उनके वीडियो दर्शकों के बीच लोकप्रिय हो गए। बताया गया कि छवि के यूट्यूब चैनल पर सात लाख से अधिक सब्सक्राइबर और इंस्टाग्राम पर एक लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे। छवि के पिता श्यामलाल गांव में किराने की दुकान चलाते हैं। परिवार ने हमेशा छवि को आगे बढ़ने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रोत्साहित किया। छवि की असमय मौत से परिवार के साथ उनके चाहने वालों में भी गहरा शोक है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page