हाथरस 25 अगस्त। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 27 अगस्त को पीसी बागला महाविद्यालय और सरस्वती महाविद्यालय में ‘खेलो इंडिया संवाद-खेल की बात पीएम के साथ’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन होगा, जिसका सीधा प्रसारण दोनों महाविद्यालयों में किया जाएगा। माय भारत केंद्र के जिला युवा अधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेल, फिटनेस और राष्ट्र निर्माण के विजन से जोड़ना है। इसके बाद स्थानीय खिलाड़ियों और युवा आइकॉन के बीच संवाद होगा तथा युवाओं के साथ युवा संवाद आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में नागरिक जागरूकता, कौशल विकास, स्वयंसेवा और माय भारत को मजबूत बनाने जैसे विषयों पर युवाओं के विचार और सुझाव लिए जाएंगे। साथ ही माय भारत पंजीकरण अभियान भी चलाया जाएगा। युवाओं को अपने सुझाव देने के लिए कार्यक्रम स्थल पर क्यूआर कोड की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।