Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 22 अगस्त। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सेवा विभाग की ओर से श्री रामबाग इंटर कॉलेज में आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों की पुस्तकें वितरित की गईं। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए आवश्यक अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराकर उनकी पढ़ाई में सहयोग करना रहा। पुस्तक वितरण कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला प्रचारक जितेन्द्र ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक विद्यार्थी के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। आर्थिक कठिनाइयों के कारण किसी भी विद्यार्थी की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए समाज के सक्षम लोगों को आगे आकर जरूरतमंद विद्यार्थियों की मदद करनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर अध्ययन करने और अपने परिवार, विद्यालय एवं समाज का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार की ओर से मंचासीन अतिथियों का प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया। इसके बाद कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को हिंदी, गणित, अंग्रेजी, व्यवसाय अध्ययन सहित विभिन्न विषयों की पुस्तकें वितरित की गईं। पुस्तकें पाकर विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी नजर आई। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रबंधक ओमप्रकाश कलसा वालों ने की, जबकि संचालन जिला सेवा प्रमुख योगेश बागड़ी ने किया। इस अवसर पर जिला प्रचार प्रमुख आशीष सेंगर, सेवा भारती जिलाध्यक्ष डॉ. बी.पी. सिंह, जिला मंत्री राजीव आर्य, कोषाध्यक्ष भतेन्द्र पाल सिंह, विद्यालय के प्रधानाचार्य शिवकुमार शर्मा, अध्यापक चारम त्यागी, रूपेंद्र शर्मा, दीपेश तिवारी, ज्ञानप्रकाश शर्मा, चंदन सिंह सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए सहयोग देने और समाज में सेवा भावना को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page