Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 22 अगस्त। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय तपस्या धाम की ओर से रक्षाबंधन के पावन अवसर पर कलेक्ट्रेट में रक्षाबंधन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका एवं सह जिला प्रभारी बीके भावना दीदी ने जिलाधिकारी सहित प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राखी बांधकर रक्षाबंधन का आध्यात्मिक संदेश दिया। बीके भावना दीदी ने जिला कलेक्ट्रेट अधिकारी अतुल वत्स को राखी बांधते हुए रक्षाबंधन के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राखी केवल एक धागा नहीं, बल्कि पवित्रता, आत्मिक प्रेम, शुभ संकल्प और श्रेष्ठ जीवन जीने का संकल्प है। रक्षाबंधन हमें अपने जीवन को बुराइयों और विकारों से सुरक्षित रखते हुए परमात्मा से जुड़े रहने की प्रेरणा देता है।

इस अवसर पर जिला कार्यालय में उपस्थित एडीएम, एसडीएम सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी राखी बांधी गई। ब्रह्माकुमारी बहनों ने सभी को भाईचारे, सद्भावना, पवित्रता और आपसी प्रेम का संदेश देते हुए रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान जिला कलेक्ट्रेट में उपस्थित पत्रकारों एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों को भी राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दी गईं। ब्रह्माकुमारी बहनों ने समाज में सकारात्मकता, नैतिक मूल्यों और आपसी प्रेम को बढ़ावा देने का आह्वान किया। ब्रह्माकुमारी संस्था की ओर से कहा गया कि रक्षाबंधन को केवल सामाजिक पर्व तक सीमित न रखते हुए इसे आत्म-सुरक्षा, पवित्रता, श्रेष्ठ विचारों और संस्कारों को जीवन में धारण करने के संकल्प के रूप में मनाया जाना चाहिए। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय तपस्या धाम, हाथरस द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों ने रक्षाबंधन के आध्यात्मिक संदेश की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page