
हाथरस (मुरसान) 21 अगस्त। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरसान के चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए गांव बंका बाग निवासी महेश कुमार ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र दिया है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वाले चिकित्सक व कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। महेश कुमार का कहना है कि 7 अगस्त को उनकी माता रामवती की तबीयत खराब होने पर उन्हें उपचार के लिए मुरसान सीएचसी लाया गया था। आरोप है कि उस समय ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. दलवीर सिंह और उनके सहायक ने रामवती को इमरजेंसी में भर्ती किया। महेश का आरोप है कि उनकी माता को एनीमा देने के बाद बेहोशी की हालत में छोड़ दिया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने चिकित्सकों से इलाज के संबंध में जानकारी मांगी तो उन्हें पुलिस की धमकी देते हुए सीएचसी से बाहर जाने के लिए कहा गया। महेश कुमार के अनुसार, इसके बाद वह किसी तरह अपनी माता को एक निजी अस्पताल लेकर गए, जहां उनका उपचार कराया गया। उन्होंने जिलाधिकारी से मामले की जांच कराकर लापरवाही सामने आने पर संबंधित चिकित्सक और कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, मुरसान सीएचसी के प्रभारी डॉ. दलवीर सिंह ने इलाज में लापरवाही के आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि सीएचसी पर उपलब्ध सुविधाओं के अनुसार मरीजों को उपचार दिया जाता है। उन्होंने बताया कि रामवती बुजुर्ग महिला थीं, इसलिए उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया जा रहा था। सीएचसी प्रभारी का आरोप है कि महेश कुमार जिला अस्पताल रेफर किए जाने के बावजूद सीएचसी में ही इलाज कराने का दबाव बना रहे थे और इस दौरान उन्होंने अस्पताल के स्टाफ के साथ अभद्रता की। दोनों पक्षों के अलग-अलग दावों के बीच अब शिकायत की जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।













