
हाथरस (मुरसान) 21 अगस्त। कस्बा मुरसान के सादाबाद रोड स्थित गांव बेरीसला में शुक्रवार सुबह सड़क पार कर रही 65 वर्षीय वृद्ध महिला बाइक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन और आसपास के लोगों ने उन्हें एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरसान पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। गांव बेरीसला निवासी विपिन पुत्र प्रेम सिंह ने बताया कि उसकी मां रूमाली देवी शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे घर के सामने सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में रूमाली देवी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और परिजन उन्हें उपचार के लिए सीएचसी मुरसान लेकर पहुंचे। सीएचसी से रेफर किए जाने के बाद परिजन वृद्धा को हाथरस जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।