Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 21 अगस्त। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक के दौरान आज को 108 एंबुलेंस सेवा की तत्परता परखने के लिए टेस्ट कॉल की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने शाम 4:53 बजे 108 पर कॉल की, जिसके महज पांच मिनट बाद शाम 4:58 बजे एंबुलेंस संख्या UP32EG2546 मौके पर पहुंच गई। एंबुलेंस की त्वरित उपलब्धता और उत्कृष्ट रिस्पॉन्स टाइम से मुख्य विकास अधिकारी प्रभावित हुए और उन्होंने सेवा की तत्परता एवं कार्यप्रणाली की सराहना की। बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं 108 के नोडल अधिकारी डॉ. आलम की मौजूदगी में टेस्ट कॉल की गई। सीडीओ ने कहा कि आपात स्थिति में एंबुलेंस की त्वरित उपलब्धता जरूरतमंद मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने 108 एंबुलेंस सेवा की समयबद्ध कार्यप्रणाली की प्रशंसा करते हुए कहा कि बेहतर मॉनिटरिंग और टीम की तत्परता से मरीजों को तत्काल सहायता मिल रही है।

जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश भी दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद में 100 प्रतिशत मीजल्स-रूबेला टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी स्वास्थ्य इकाइयों में गर्भवती महिलाओं में एनीमिया की पहचान और उसके प्रभावी प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने विभागीय पोर्टल पर सूचनाओं की सही एवं समय से फीडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान लाभार्थियों के रूप में भर्ती सभी मरीजों का डाटा आगामी जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में प्रस्तुत करने को कहा गया। इसके अलावा सासनी, महौ और सहपऊ ब्लॉकों में संस्थागत प्रसव की स्थिति में सुधार लाने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्वास्थ्य सेवाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग और योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में अधिकारियों ने स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए मरीजों को बेहतर एवं समयबद्ध चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page