
हाथरस 19 अगस्त। 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान के तहत आज को राजेंद्र लोहिया विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। ब्रह्माकुमारीज तपस्या धाम के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक कर उन्हें स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीके सुमित ने कहा कि नशा विनाश का मूल है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे को ‘ना’ और अपने भविष्य व करियर को ‘हां’ कहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए युवाओं का आज से ही नशे से दूरी बनाना जरूरी है। बीके सुमित ने विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन के लिए पांच महत्वपूर्ण सूत्र बताए। इनमें अच्छे मित्र, अच्छे सपने, ध्यान, श्रेष्ठ चिंतन और श्रेष्ठ चरित्र शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सकारात्मक संगति, ऊंचे लक्ष्य और अच्छे विचार युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर बीके रश्मि बहन ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने की शपथ दिलाई। विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ नशामुक्त जीवन जीने और दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। कॉलेज के प्रधानाचार्य सचिन भाटिया ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए ब्रह्माकुमारीज तपस्या धाम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को नशे के दुष्परिणामों से बचाने के लिए ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाने चाहिए, जिससे युवा स्वस्थ वातावरण में अपने उज्ज्वल भविष्य की ओर आगे बढ़ सकें। कार्यक्रम के समापन पर ब्रह्माकुमारीज तपस्या धाम की ओर से प्रधानाचार्य सचिन भाटिया को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।







