Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ 18 अगस्त। दिल्ली-कानपुर हाईवे स्थित गांव बिलार के पास सोमवार रात तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। राहगीरों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद कार सवार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए हाथरस भेज दिया। जानकारी के अनुसार एटा रोड स्थित गांव मुगलगढ़ी निवासी तहसीलदार उर्फ छोटेलाल राजमिस्त्री का काम करते थे। सोमवार रात करीब नौ बजे वह अलीगढ़ के गोपी गांव से रिश्तेदारी से बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह गांव बिलार के पास दिल्ली-कानपुर हाईवे पर पहुंचे, पीछे से आ रही किआ कंपनी की कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तहसीलदार बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा देख मौके पर पहुंचे राहगीरों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए हाथरस भेज दिया है। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। तहसीलदार की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे बुजुर्ग मां, पत्नी हेमा और तीन बच्चों उपासना, देवकी और ऋषि को रोता-बिलखता छोड़ गए हैं। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page