
सिकन्दराराऊ 18 अगस्त। कोतवाली क्षेत्र के वाजिदपुर बाजार में सोमवार शाम करीब 6:30 बजे एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने युवक को अधमरा करने और उसके ऊपर पेशाब करने का भी आरोप लगाया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। घायल युवक को सीएचसी सिकंदराराऊ में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है। नगला भानचंद निवासी शिव कुमार पुत्र मुनेस कुमार किसी काम से वाजिदपुर बाजार गया था। पीड़ित पक्ष के अनुसार, बाजार में पहले से मौजूद चार-पांच लोगों ने उसे पकड़ लिया और लोहे की रॉड व सरिया से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने उसके गले में अंगोछे का फंदा डालकर जमीन पर गिरा दिया और बीच बाजार घसीटते हुए भी मारपीट की।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मारपीट के दौरान शिव कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद आरोपियों ने उसके ऊपर पेशाब किया। मौके पर मौजूद एक युवक ने पूरी घटना का वीडियो मोबाइल फोन से बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी। घायल शिव कुमार को परिजन उपचार के लिए सीएचसी सिकंदराराऊ लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। शिव कुमार के पिता ने आरोप लगाया कि उनके बेटे का आरोपियों के साथ पहले से मुकदमा चल रहा है। आरोप है कि आरोपी मुकदमा खत्म करने के लिए लगातार दबाव बना रहे थे और इसी रंजिश के चलते उनके बेटे को बाजार में पकड़कर बेरहमी से पीटा गया। पिता के मुताबिक, घटना के बाद आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित पक्ष का दावा है कि आरोपियों के खिलाफ पहले से कई मुकदमे चल रहे हैं। मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक को भी दी गई है। वहीं कोतवाली प्रभारी शिव कुमार शर्मा ने बताया कि वायरल वीडियो और प्राप्त शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।













