Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 17 अगस्त। 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महा अभियान के अंतर्गत ब्रह्माकुमारी तपस्या धाम की ओर से विनायक इंटरनेशनल स्कूल में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन बीके सीता दीदी के निर्देशन में किया गया, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर उन्हें नशामुक्त, स्वस्थ और संस्कारयुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता बीके सुमित भाई ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल स्वास्थ्य को ही नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि व्यक्ति के मन, परिवार, शिक्षा, संस्कार और भविष्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से हमेशा दूर रहने का दृढ़ संकल्प लेने के साथ सकारात्मक सोच, आत्मअनुशासन और अच्छे संस्कारों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं और युवा शक्ति के नशामुक्त रहने से स्वस्थ, सशक्त एवं श्रेष्ठ समाज का निर्माण किया जा सकता है।

बीके सुमित भाई ने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ अपने मित्रों, परिवार और समाज के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की। इस दौरान बीके रश्मि बहन ने विद्यालय के विद्यार्थियों को नशा मुक्ति प्रतिज्ञा दिलाई। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक नशे से सदैव दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने ब्रह्माकुमारी संस्था की ओर से चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली, सकारात्मक सोच, आत्मबल और श्रेष्ठ संस्कार अपनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों में नशामुक्त जीवन को लेकर उत्साह देखने को मिला। ब्रह्माकुमारीज की ओर से 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महा अभियान के तहत देशभर में युवाओं, विद्यार्थियों और समाज के विभिन्न वर्गों को नशे से बचाने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page