हाथरस 17 अगस्त। मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशन में विकासखंड सासनी की ग्राम पंचायत विर्रा एवं सठिया स्थित डिजिटल लाइब्रेरियों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने लाइब्रेरी की व्यवस्थाओं, पुस्तकों की उपलब्धता, रजिस्टरों एवं पंचायत सचिवालय परिसर की साफ-सफाई का जायजा लिया। ग्राम पंचायत विर्रा में डिजिटल लाइब्रेरी पंचायत सचिवालय में संचालित मिली। निरीक्षण के समय सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) बिहारी लाल, ग्राम पंचायत अधिकारी निहारिका, पंचायत सहायक कु. प्रियांजली एवं सफाई कर्मचारी जलालुद्दीन उपस्थित मिले। लाइब्रेरी में दो रीडिंग टेबल, दो कंप्यूटर टेबल, छह रैक, एक लाइब्रेरी टेबल एवं 12 कुर्सियां उपलब्ध मिलीं। लाइब्रेरी के लिए कुल 1242 पुस्तकें प्राप्त हुई हैं। पंचायत सहायक द्वारा पुस्तकों पर नंबरिंग की गई थी, लेकिन निरीक्षण के दौरान पुस्तकों का इंडेक्स रजिस्टर एवं निर्गमन रजिस्टर उपलब्ध नहीं मिला। अधिकारियों ने पुस्तकों को नंबर के अनुसार रैक में व्यवस्थित करने तथा आवश्यक रजिस्टर तैयार करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पंचायत सचिवालय की बाउंड्री के बाहर लगे पेड़ों की डालियां परिसर में आती हुई मिलीं। परिसर में झाड़ियां भी उगी हुई थीं। इस पर सफाई कर्मचारी को पेड़ों की डालियों की छंटाई एवं परिसर की साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए गए। ग्राम पंचायत सठिया में डिजिटल लाइब्रेरी पंचायत सचिवालय में संचालित मिली। निरीक्षण के समय ग्राम विकास अधिकारी अजय कुमार शर्मा एवं पंचायत सहायक प्रवीन कुमार उपस्थित मिले। ग्राम पंचायत परिसर में पूर्व से संचालित लाइब्रेरी में 11 बच्चे अध्ययन करते हुए मिले। डिजिटल लाइब्रेरी में दो रीडिंग टेबल, दो कंप्यूटर टेबल, छह रैक, एक लाइब्रेरी टेबल एवं 12 कुर्सियां उपलब्ध थीं। लाइब्रेरी के लिए कुल 1216 पुस्तकें प्राप्त हुई हैं। पंचायत सहायक द्वारा पुस्तकों की नंबरिंग की गई थी और उनका विवरण इंडेक्स रजिस्टर में दर्ज मिला। बच्चों को पुस्तकें निर्गत करने के लिए रजिस्टर भी बनाया गया था। पुस्तकें नंबरिंग के अनुसार रैक में व्यवस्थित मिलीं। निरीक्षण के दौरान पंचायत सहायक का कार्य संतोषजनक पाया गया। हालांकि सठिया पंचायत सचिवालय परिसर में गंदगी एवं झाड़ियां मिलीं। पंचायत सचिवालय के मुख्य गेट एवं भवन की पुताई की आवश्यकता भी पाई गई। इस पर उपस्थित सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) एवं ग्राम विकास अधिकारी अजय शर्मा को साफ-सफाई कराने तथा पंचायत सचिवालय की पुताई कराने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि डिजिटल लाइब्रेरियों में पुस्तकों का व्यवस्थित रखरखाव, इंडेक्स एवं निर्गमन रजिस्टर का नियमित संधारण तथा साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को डिजिटल एवं पुस्तकालय सुविधाओं का प्रभावी लाभ मिल सके।










