हाथरस 16 अगस्त। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के अलीगढ़ रोड स्थित आनंदपुरी कॉलोनी केंद्र द्वारा 80वें स्वतंत्रता दिवस को नशामुक्ति दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर हाथरस के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में तिरंगा आरोहण कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह को नशे से स्वयं दूर रहने के साथ-साथ समाज को भी नशामुक्त बनाने का संकल्प दिलाया गया। यह आयोजन प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की पूर्व मुख्य प्रशासिका डॉ. दादी प्रकाशमणि के स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में संगठन द्वारा चलाए जा रहे वृहद 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला का हिस्सा रहा। अभियान के तहत उप जिलाधिकारी कार्यालय, विनियमित क्षेत्र कार्यालय, लोक निर्माण विभाग कार्यालय, स्वच्छता चौक पर एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक ह्यूमन राइट्स तथा लॉर्ड कृष्णा पब्लिक स्कूल में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नशामुक्ति का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर बीके कोमल बहन, उप जिलाधिकारी राज बहादुर सिंह, तहसीलदार हेमंत कुमार, नायब तहसीलदार शिव कुमार, इंजीनियर संजीव कुमार वर्मा, इंजीनियर सुरेंद्र पाल, एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक ह्यूमन राइट्स के अध्यक्ष प्रवीण कुमार, शैलेंद्र कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस पर नशे की गुलामी से मुक्ति का संकल्प लेते हुए स्वस्थ और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।









