
सासनी 15 अगस्त। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मानसिक मंद बुद्धि दिव्यांग सशक्तीकरण सेवा संस्था, भोजगढ़ी, सासनी के परिसर में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति, उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज के सदस्य श्री रामगोपाल दीक्षित एवं संस्था अध्यक्ष योगेश कुमार यादव ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। इस दौरान राष्ट्रगान के साथ देश के अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए पुष्प अर्पित किए गए। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने संविधान के अनुरूप चलने, राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने तथा समाजसेवा के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लिया। इस अवसर पर मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्य श्री रामगोपाल दीक्षित ने दिव्यांगजनों के लिए रेलवे की ओर से संचालित ‘एक स्टेशन एक उत्पाद’ योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस योजना के माध्यम से दिव्यांग एवं जरूरतमंद लोगों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल सकता है। उन्होंने योजना के तहत स्टॉल संचालन की प्रक्रिया, उपलब्ध अवसरों तथा रेलवे द्वारा दिव्यांगजनों को दी जा रही विभिन्न सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की। उन्होंने दिव्यांगजनों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। इस दौरान योजना से संबंधित जानकारी एवं सामग्री भी वितरित की गई। संस्था अध्यक्ष योगेश कुमार यादव ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें वीर शहीदों के त्याग एवं बलिदान की याद दिलाने के साथ अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करना चाहिए। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष संतोष तोमर, मुरारी लाल, निर्भय गुप्ता, शशि प्रभा महेश्वरी, सौरभ सिंह, कृष्ण कुमार शर्मा, लक्ष्मण कुमार शर्मा, कृष्णा सिंह, देव शर्मा, विजय कुमार शर्मा, बबलू कुमार शर्मा, गीता शर्मा, श्वेता सिंह, अमित कुमार, रवि चौधरी, ज्ञानेन्द्र कुमार, पीएन शर्मा, राधेश्याम, रवेंद्र सिंह, प्रेम कुमार, देव प्रकाश वघेल, टेकचंद वघेल सहित संस्था के पदाधिकारी, सदस्य एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने देश के अमर शहीदों को नमन करते हुए राष्ट्रहित और समाजसेवा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया।











