Hamara Hathras

Latest News

सासनी 15 अगस्त। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल सासनी प्रखंड के संयुक्त तत्वावधान में आज केएल जैन इंटर कॉलेज, सासनी के प्रांगण में अखंड भारत संकल्प दिवस कार्यक्रम गरिमामय एवं राष्ट्रभक्ति के वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं एवं प्रबुद्धजनों को भारत की सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक पृष्ठभूमि के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं कार्यक्रम अध्यक्ष केएल जैन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य दीपक जैन तथा मुख्य वक्ता बजरंग दल के प्रांत सह संयोजक देवेंद्र चौधरी ने भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। मुख्य वक्ता देवेंद्र चौधरी ने युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि युवा शक्ति देश की वास्तविक ताकत है। उन्होंने विद्यार्थियों में देशभक्ति, सांस्कृतिक निष्ठा एवं चरित्र निर्माण के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने समृद्ध एवं सशक्त भारत के निर्माण के लिए युवाओं से ‘नशामुक्त भारत’ का संकल्प लेकर इसे अपने जीवन में उतारने का आह्वान किया। विशिष्ट वक्ता बजरंग दल के विभाग संयोजक हर्षित गॉड ने भारत के भौगोलिक एवं सांस्कृतिक इतिहास पर प्रकाश डालते हुए प्राचीन भारत की सीमाओं और सांस्कृतिक प्रभाव का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि समय के साथ राजनीतिक परिस्थितियों और विभिन्न घटनाओं के कारण भारतीय उपमहाद्वीप का भौगोलिक स्वरूप बदलता गया तथा 14 अगस्त 1947 का विभाजन इतिहास की सबसे पीड़ादायक घटनाओं में से एक रहा। उन्होंने विभाजन के दौरान हुए व्यापक विस्थापन और मानवीय त्रासदी का भी उल्लेख किया।

विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष डॉ. अमित भार्गव ने कहा कि समय-समय पर राजनीतिक एवं भौगोलिक सीमाएं बदलने के बावजूद भारतीय सभ्यता, खान-पान, रीति-रिवाज और सांस्कृतिक परंपराओं की जड़ें विभिन्न क्षेत्रों में आज भी दिखाई देती हैं। जिला संगठन मंत्री देवराज ने कहा कि वर्ष 1947 का विभाजन हमें यह सीख देता है कि सांप्रदायिकता और नफरत का परिणाम हमेशा विनाशकारी होता है। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता, विविधता और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने विभाजन की त्रासदी को आने वाली पीढ़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक सबक बताया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित शिक्षकों, कार्यकर्ताओं एवं छात्र-छात्राओं ने देश की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, विहिप-बजरंग दल के कार्यकर्ता एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। मंच संचालन विहिप के प्रखंड मंत्री जगदीश प्रसाद शर्मा ने किया। इस अवसर पर प्रखंड अध्यक्ष योगेश वार्ष्णेय, खंड अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, सत्संग प्रमुख अनिल शर्मा, बजरंग दल के सह संयोजक सत्यम रावत, अंकित शर्मा, आशीष शेखावत, शीलू, अमन भार्गव, अंकुर जैन सहित अन्य कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page