Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 14 अगस्त। आज शाम करीब सात बजे मथुरा-बरेली नेशनल हाईवे पर सलेमपुर गांव के पास दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सिकंदराराऊ के नायब तहसीलदार की गाड़ी ने सामने से आ रही दो बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गांव ठूलई निवासी 56 वर्षीय किसान सुभाष चंद्र और उनके छह वर्षीय नाती दक्ष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया। बताया गया कि सुभाष चंद्र अपने छह वर्षीय नाती दक्ष के साथ बाइक से किसी काम से बाहर गए थे और शाम को वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सलेमपुर के पास हादसा हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दादा-पोते की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और नायब तहसीलदार की गाड़ी को घेरकर हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई और ग्रामीणों की पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों से नोकझोंक भी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गाड़ी में सवार नायब तहसीलदार और अन्य कर्मचारियों को भीड़ के बीच से सुरक्षित बाहर निकाला। स्थिति को देखते हुए कई थानों का पुलिस बल मौके पर बुलाया गया। गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम भी लगा दिया। सूचना पर उप जिलाधिकारी सदर, उप जिलाधिकारी सासनी समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद यातायात सुचारु कराया गया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page