
सिकन्दराराऊ 14 अगस्त। सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के नगला महारी निवासी एक व्यक्ति के घर और उसके रिश्तेदार के मकान में गुरुवार रात अज्ञात चोरों ने ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह होने पर परिवार में हड़कंप मच गया। पीड़ित पक्ष ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। तहरीर देने वाले दुर्वेश कुमार पुत्र विनोद कुमार निवासी नगला महारी ने बताया कि उनके भाई शैलेश कुमार उर्फ बंटी ड्राइवर हैं और गांव में अलग मकान बनाकर रहते हैं, जबकि उनकी पत्नी पूनम देवी बच्चों की पढ़ाई के लिए सिकंदराराऊ में किराए के मकान में रहती हैं। आरोप है कि गुरुवार रात अज्ञात चोरों ने पूनम देवी के किराए के मकान का ताला तोड़कर अंदर रखा सामान और जेवरात चोरी कर लिए। इसी रात चोरों ने शैलेश के साले मनीष कुमार पुत्र मोहरपाल सिंह के मकान का भी ताला तोड़ा और वहां से सामान चोरी कर ले गए। सुबह घटना की जानकारी होने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण करने और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की बात कही है। चोरी हुए सामान की पूरी सूची तैयार की जा रही है। पुलिस ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाते हुए अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है।






