
हाथरस 14 अगस्त। हाथरस में आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब की बिक्री और शराब की दुकानों पर नियमों के अनुपालन को लेकर शुक्रवार, 14 अगस्त को सघन अभियान चलाया गया। आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेश तथा संयुक्त आबकारी आयुक्त, आगरा जोन एवं उप आबकारी आयुक्त, अलीगढ़ प्रभार के निर्देशों के क्रम में यह कार्रवाई की गई। जिला आबकारी अधिकारी हाथरस के मार्गदर्शन में क्षेत्रीय आबकारी निरीक्षकों ने पुलिस एवं आबकारी स्टाफ के साथ देशी शराब और कंपोजिट शॉप की फुटकर दुकानों का आकस्मिक एवं सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दुकानों में उपलब्ध मदिरा के स्टॉक का मिलान किया गया। साथ ही रैंडम आधार पर शराब की बोतलों पर लगे क्यूआर कोड को एक्साइज एप के माध्यम से स्कैन कर मदिरा का सत्यापन किया गया। आबकारी अधिकारियों ने शराब विक्रेताओं को निर्देशित किया कि POS मशीन के माध्यम से 100 प्रतिशत मदिरा को स्कैन करने के बाद ही बिक्री की जाए। अधिकारियों ने नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इसके अतिरिक्त आबकारी विभाग की टीम द्वारा सादाबाद क्षेत्र में स्थित ढाबों और वाहनों की भी चेकिंग की गई। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब की बिक्री, परिवहन अथवा अन्य अनियमितताओं के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।






