Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 13 अगस्त। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत नागरिकों में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना जागृत करने के उद्देश्य से थाना हाथरस गेट एवं कोतवाली नगर क्षेत्र के मुख्य बाजारों और विभिन्न मार्गों पर भव्य तिरंगा जागरूकता रैली निकाली गई। रैली की अगुवाई जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने की। रैली में उपजिलाधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी नगर, थाना प्रभारी कोतवाली नगर, एनसीसी कैडेट्स सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। रैली में प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ आमजन को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। इस दौरान नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों, कार्यस्थलों एवं संस्थानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया गया।

जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना तथा तिरंगे के प्रति सम्मान और गौरव बढ़ाना है। उन्होंने जनपदवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों पर तिरंगा फहराकर अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं एवं नागरिकों से तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर आधिकारिक ‘हर घर तिरंगा’ पोर्टल पर अपलोड करने की भी अपील की। सेल्फी अपलोड करने वाले नागरिकों को डिजिटल भागीदारी प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने भी जनपदवासियों से पूरे उत्साह एवं गौरव के साथ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है और प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा देश के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने की प्रेरणा देता है। उन्होंने लोगों से घरों, कार्यस्थलों एवं संस्थानों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराकर अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page