
हसायन 12 अगस्त। विकास खंड हसायन में 12 अगस्त को ब्लॉक बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, बाल विवाह एवं ब्लॉक टास्क फोर्स की बैठक के साथ प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। खंड विकास अधिकारी सुरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने और बच्चों से जुड़ी समस्याओं के प्रभावी समाधान पर जोर दिया गया। खंड विकास अधिकारी ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को निर्देश दिए कि वे ग्राम स्तर पर बैठकें आयोजित कर अपने क्षेत्र के बच्चों से संबंधित समस्याओं को कार्यवृत्त के माध्यम से प्रस्तुत करें और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाएं। महिला कल्याण विभाग के विधि सह परिवीक्षा अधिकारी दीपक चौहान ने ग्राम बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठकों के संबंध में जानकारी देते हुए समय से बैठक आयोजित कर कार्यवृत्त उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य), बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना, दत्तक ग्रहण योजना तथा रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष सहित विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।
वन स्टॉप सेंटर की सेंटर मैनेजर मनीषा भारद्वाज ने पीड़ित महिलाओं के लिए उपलब्ध आश्रय एवं सहायता सेवाओं के बारे में बताया। उन्होंने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम-2006 के तहत 18 वर्ष से कम उम्र की बालिका और 21 वर्ष से कम उम्र के बालक का विवाह न कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामाजिक कुरीतियों, आर्थिक परिस्थितियों, परंपराओं और रूढ़ियों के कारण बाल विवाह जैसी समस्या सामने आती है। बाल विवाह से बालिकाओं की शिक्षा प्रभावित होने के साथ घरेलू हिंसा, स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याओं, मातृत्व संबंधी जटिलताओं और शिशु मृत्यु दर बढ़ने का खतरा रहता है। उन्होंने बाल विवाह की सूचना मिलने पर चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181, नजदीकी पुलिस थाने अथवा 112 इमरजेंसी सेवा पर सूचना देने के लिए जागरूक किया। साथ ही बताया कि बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 की धारा 9 एवं 10 के अंतर्गत बाल विवाह कराने पर एक लाख रुपये तक का जुर्माना अथवा दो वर्ष तक की सजा का प्रावधान है। बाल विकास परियोजना अधिकारी रेखा सिंह ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को बच्चों के समुचित विकास एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित अन्य योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। चिकित्सा विभाग के बीपीएम निशांत कुमार ने बच्चों के नियमित टीकाकरण और आयुष्मान कार्ड से संबंधित जानकारी साझा की। बैठक में उप निरीक्षक भिकारीदास, आउटरीच कार्यकर्ता बंटी कुशवाह, विकास खंड की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं समूह की सहायिकाएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम के माध्यम से बाल संरक्षण, बाल विवाह रोकथाम, महिला सुरक्षा और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।











