
हाथरस 11 अगस्त। कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव विसरांत में जमीन के रकवे को लेकर हुए विवाद में एक परिवार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि विवाद के दौरान सरिया, ईंट और लाठी-डंडों से हमला किया गया, जिसमें एक महिला घायल हो गईं। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव विसरांत निवासी तरुन ने थाना प्रभारी को दी तहरीर में बताया कि उनके पिता ने करीब 28 वर्ष पूर्व श्री कृष्ण से तीन बीघा जमीन उनकी माता प्रेमवती देवी के नाम खरीदी थी। तभी से उनका परिवार उक्त जमीन पर काबिज है। तरुन के अनुसार, सुबह वह अपने परिवार के साथ घर के बाहर चाय पीने के बाद टहल रहे थे। इसी दौरान गांव के ही सत्यवीर, डैनी और साहुकार वहां पहुंच गए। आरोप है कि तीनों ने गाली-गलौज करते हुए कहा कि तरुन के हिस्से वाले खेत का रकवा अधिक है। पीड़ित पक्ष ने जब रकवा अधिक होने की बात पर जमीन की पैमाइश कराने की बात कही तो आरोप है कि विपक्षी भड़क गए। इसके बाद तीनों ने हाथों में लिए सरिया, ईंट और लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में तरुन की माता प्रेमवती देवी घायल हो गईं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देख आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।






