सिकन्दराराऊ/सासनी 11 अगस्त। शासन की मंशा एवं जिलाधिकारी अतुल वत्स के निर्देशों के क्रम में जनपद में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन कर आमजन को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और अभियान में सहभागिता के लिए जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में विकासखंड सासनी में खंड विकास अधिकारी एवं विकासखंड के कर्मचारियों द्वारा तिरंगा रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा एवं सम्मान बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया। तिरंगा रैली में शामिल प्रतिभागियों ने देशभक्ति से जुड़े संदेशों के माध्यम से नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने का आह्वान किया। रैली के दौरान लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के साथ-साथ उसके उपयोग से संबंधित नियमों एवं झंडा संहिता के पालन के प्रति भी जागरूक किया गया। इसी प्रकार विकासखंड सिकंदराराऊ में भी ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने तिरंगा रैली एवं सेल्फी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। स्वयं सहायता समूह की दीदियों ने हाथों में तिरंगा लेकर लोगों को अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। महिलाओं ने राष्ट्रीय ध्वज के साथ सेल्फी लेकर अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज कराई और लोगों को भी अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने नागरिकों से अपील की कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ को जन-जन का अभियान बनाते हुए प्रत्येक घर पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराएं। साथ ही राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखने और झंडा संहिता में निर्धारित नियमों का पालन करने का आह्वान किया। इस दौरान देशभक्ति के संदेशों के साथ लोगों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।







