
हाथरस 11 अगस्त। मोहनगंज स्थित सेंट जॉन्स स्कूल में रेड क्रॉस सोसाइटी के बैनर तले वैज्ञानिक मैजिक शो का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या सुचेता जॉन ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान प्रचारक जादूगर पीसी शर्मा ने अपनी प्रदर्शन कला के माध्यम से विभिन्न प्रकार के जादू दिखाकर विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया। उन्होंने मनोरंजक जादू के साथ-साथ शैक्षिक एवं वैज्ञानिक जादू के माध्यम से कई महत्वपूर्ण संदेश भी दिए। जादूगर पीसी शर्मा ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, देशप्रेम की भावना को मजबूत करने तथा परोपकार के लिए प्रेरित किया। वैज्ञानिक तथ्यों पर आधारित जादू की प्रस्तुतियों ने विद्यार्थियों को खूब आकर्षित किया। अपनी कला एवं कौशल से पीसी शर्मा ने उपस्थित लोगों को आश्चर्यचकित कर दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने जादू की विभिन्न प्रस्तुतियों का आनंद लिया और वैज्ञानिक दृष्टिकोण से जुड़े पहलुओं को समझने का प्रयास किया। इस अवसर पर विद्यालय के उप प्रधानाचार्य विपिन सिंह सहित कशिश, सुनीता वर्मा, रितिका, मेघना अग्रवाल, मीरा पाठक, नीतू वर्मा, शरद सलूजा, पायल, शुभम शर्मा, कनक वर्मा, शिखा, मोनिका वर्मा, प्रतिमा शर्मा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।






