Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 11 अगस्त। भारत स्काउट एवं गाइड उत्तर प्रदेश प्रादेशिक मुख्यालय लखनऊ के दिशा-निर्देशन एवं जिला संस्था के तत्वावधान में पंडित श्री राम बाजपेई की जयंती के अवसर पर यूपी स्काउट केयर अभियान के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक रणवीर सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक, स्किट, वीडियोग्राफी, शॉर्ट फिल्म, थीम सॉन्ग, गीत, कविता लेखन एवं स्लोगन प्रतियोगिताएं कराई गईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला आयुक्त एडल्ट रिसोर्स गाइड एवं प्रधानाचार्य डॉ. नीतू यादव ने की। जिला संगठन आयुक्त स्काउट धीरेन्द्र प्रताप सिंह की देखरेख में प्रतियोगिताओं का संचालन जिला संगठन आयुक्त गाइड सोनाली वार्ष्णेय ने किया। निर्णायक टीम में स्काउट मास्टर योगेंद्र वार्ष्णेय, गाइड कैप्टन शारदा विश्वकर्मा, कुमुद शर्मा और दिव्या उपाध्याय शामिल रहीं। प्रतियोगिताओं के परिणाम में स्लोगन प्रतियोगिता में श्री रामचंद्र अग्रवाल कन्या इंटर कॉलेज की भूमिका ने प्रथम, प्रिया शर्मा ने द्वितीय तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की श्वेता वर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कविता लेखन प्रतियोगिता में श्री रामचंद्र अग्रवाल कन्या इंटर कॉलेज की अनन्या कौशिक प्रथम, नैना अंसारी द्वितीय तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की माधवी प्रकाश तृतीय स्थान पर रहीं। नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में श्री रामचंद्र अग्रवाल कन्या इंटर कॉलेज की यामिनी, छवि, आरुषि, कल्पना, सुमिति, खुशी, भावना, सोनी आदि छात्राओं की टीम ने शानदार प्रस्तुति देकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं स्काउट विंग में श्री रामबाग इंटर कॉलेज के स्काउट कृष्णा, स्मिथ, साजिद आदि की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में जिले के माध्यमिक विद्यालयों से बड़ी संख्या में स्काउट एवं गाइड ने प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा, सामाजिक जागरूकता एवं टीम भावना का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के अंत में जिला संगठन आयुक्त स्काउट धीरेन्द्र प्रताप सिंह ने भारतीय स्काउटिंग के जनक पंडित श्री राम बाजपेई के जीवन एवं उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने स्काउटिंग के माध्यम से युवाओं में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. नीतू यादव ने सभी अतिथियों, निर्णायक मंडल, प्रतिभागियों एवं आयोजन से जुड़े लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page