सादाबाद 10 अगस्त। आज शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच अलग-अलग स्थानों पर हुए तीन सड़क हादसों में तीन लोग घायल हो गए। एक हादसे में घायल युवक की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया, जबकि दो घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सादाबाद में किया गया। पहला हादसा कुरसंडा-मई मार्ग पर हुआ। बताया गया कि मई की ओर से आ रही वैगनआर कार और सामने से आ रही मोटरसाइकिल की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा और मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को सीएचसी सादाबाद ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। खबर लिखे जाने तक घायल युवक की पहचान नहीं हो सकी थी। दूसरा हादसा सादाबाद-मुरसान मार्ग पर हुआ, जहां दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में लेखपाल अशोक अग्रवाल घायल हो गए। बताया गया कि वह शासकीय कार्य से लौट रहे थे। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला और उपचार के लिए सीएचसी सादाबाद पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया गया। तीसरी दुर्घटना भी सादाबाद क्षेत्र में हुई, जिसमें एक युवक घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सीएचसी सादाबाद लाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। लगातार हुए तीन हादसों के बाद संबंधित स्थानों पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने घटनाओं की जानकारी जुटाई और हादसों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की।
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101








