
हाथरस 10 अगस्त। थाना सासनी क्षेत्र की दो बहनों ने अपने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और शारीरिक शोषण का प्रयास करने का आरोप लगाया है। दोनों पीड़िताओं ने महिला थाने में तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही जान-माल की सुरक्षा की मांग की है। पीड़िताओं के अनुसार, उनकी और उनकी छोटी बहन की शादी कोमल कांत गौतम पुत्र श्रीनिवास गौतम निवासी महुआ की नगरिया के परिवार में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी। आरोप है कि शादी में उनकी मां ने करीब आठ लाख रुपये खर्च किए थे। इसमें दो मोटरसाइकिल, सोने-चांदी के आभूषण, डेढ़ लाख रुपये नकद और कीमती कपड़े दिए गए थे। आरोप है कि शादी के बाद ससुराल पक्ष दहेज से संतुष्ट नहीं हुआ और अतिरिक्त दहेज में कार तथा दो लाख रुपये नकद की मांग करने लगा। मांग पूरी न होने पर दोनों बहनों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाने लगी। पीड़िताओं ने पति मान किशन समेत देवर, सास, ससुर, ननद और नंदोई पर उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। नीरू ने तहरीर में आरोप लगाया कि 30 जुलाई 2022 को उसके नंदोई ने उसके साथ गलत हरकत करने का प्रयास किया। विरोध करने पर मामले को दबा दिया गया। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद भी ससुराल पक्ष का उत्पीड़न जारी रहा। दोनों बहनों के मुताबिक, 26 नवंबर 2024 को ससुराल पक्ष के लोगों ने एकजुट होकर उनके साथ मारपीट की और उन्हें केवल पहने हुए कपड़ों में घर से बाहर निकाल दिया। आरोप है कि उन्हें धमकी दी गई कि जब तक दहेज की मांग पूरी नहीं होगी, तब तक उन्हें घर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। पीड़िताओं ने महिला थाने में तहरीर देकर मामले की जांच, आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई और अपनी जान-माल की सुरक्षा की मांग की है।






