Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 10 अगस्त। थाना कोतवाली महिला क्षेत्र में एक विवाहिता ने पति और ससुराल पक्ष पर अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर मारपीट, मानसिक एवं शारीरिक उत्पीड़न और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति, सास और ससुर के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गोपालपुर उर्फ भूतपुरा, थाना सासनी निवासी राखी पुत्री विजय सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी 11 नवंबर 2016 को संजय वर्मा पुत्र देवदत्त वर्मा निवासी इस्माइलपुर, थाना खैर, अलीगढ़ के साथ हुई थी। पीड़िता के अनुसार, शादी में उसके पिता ने सामर्थ्य के अनुसार करीब पांच लाख रुपये का सामान, जेवरात और नकदी दी थी। राखी का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद पति संजय वर्मा, ससुर देवदत्त वर्मा और सास उर्मिला देवी अतिरिक्त दहेज में चार पहिया वाहन की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसे भूखा रखने के साथ शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। पीड़िता के अनुसार, तीन बेटियों दानवी, मानवी और शगुन तथा बेटे युवराज के जन्म के बाद भी ससुराल पक्ष का व्यवहार नहीं बदला और उत्पीड़न बढ़ता गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि पति ने कई बार उसे कमरे में बंद कर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। साथ ही जबरन कुछ कागजों पर हस्ताक्षर भी कराए गए। तहरीर के मुताबिक, 11 मार्च 2026 की सुबह घरेलू काम को लेकर सास उर्मिला देवी ने राखी के साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर सास-ससुर ने उसके साथ मारपीट की और आरोप है कि सास ने चाकू से हमला करने का प्रयास किया। पीड़िता का आरोप है कि उसी दिन उसे और उसकी दो बेटियों को केवल पहने हुए कपड़ों में कार से मायके लाकर गांव के बाहर छोड़ दिया गया और दहेज की मांग पूरी न करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़िता ने पति संजय वर्मा, सास उर्मिला देवी और ससुर देवदत्त वर्मा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page