
हाथरस 28 सितम्बर। शहर में शनिवार को दिनभर हुई झमाझम बारिश ने मेला श्रीदाऊजी महाराज के कारोबार को एक ही दिन में करीब 15 लाख रुपये की चपत लगा दी। बारिश के चलते दिनभर मेला परिसर में दुकानों के काउंटर खाली पड़े रहे, जबकि झूले और खेल-तमाशों के स्थल पर सन्नाटा पसरा रहा। मेला परिसर के कच्चे रास्तों पर कीचड़ और फिसलन होने के कारण सुरक्षा के मद्देनजर आसमानी झूले, मिक्सर झूले और ड्रैगन ट्रेन का संचालन लगभग ठप रहा। बारिश का असर दाऊ बाबा के पारंपरिक प्रसाद माखन-मिश्री, बच्चों के खिलौनों और मीना बाजार के सौंदर्य प्रसाधन वाले स्टॉलों पर भी पड़ा और ग्राहक नदारद रहे। मौसम ठंडा होने के कारण आइसक्रीम, कुल्फी और कोल्ड ड्रिंक की बिक्री भी लगभग शून्य रही। दूर-दराज के जनपदों से आए दुकानदारों को इससे काफी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। अनुमान के मुताबिक झूला और सर्कस सेक्टर को करीब पांच से छह लाख रुपये, खानपान एवं आइसक्रीम स्टॉलों को करीब चार लाख रुपये तथा मीना बाजार और खिलौना सेक्टर को करीब तीन से चार लाख रुपये का नुकसान हुआ। बारिश से बचाने के लिए दुकानदारों को पूरे दिन सामान प्लास्टिक और तिरपाल से ढककर बैठना पड़ा। हालांकि रविवार को मौसम साफ होने के बाद मेले में फिर से रौनक लौट आई और अच्छी भीड़ पहुंचने से दुकानदारों ने राहत की सांस ली।










