
हाथरस 09 अगस्त। हाथरस जंक्शन के ठूलई में आज जय मां दुर्गा पशु मेले की 50वीं वर्षगांठ का भव्य शुभारंभ हुआ। भाजपा सांसद अनूप प्रधान और सिकंदराराऊ क्षेत्र के विधायक वीरेंद्र सिंह राणा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। मेले के संस्थापक पंकज कुमार, विपिन कुमार और प्रदीप कुमार ने मंच पर अतिथियों का माला पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण, पशुपालक और व्यापारी पहुंचे, जिनमें मेले की 50वीं वर्षगांठ को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। जय मां दुर्गा पशु मेला दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाले पशुपालकों के लिए पशुओं की खरीद-फरोख्त का महत्वपूर्ण मंच माना जाता है। मेले में पशुपालकों और व्यापारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। उद्घाटन अवसर पर सांसद अनूप प्रधान ने कहा कि पशु मेले ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पशुपालन से जुड़े लोगों के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजन पशुपालकों को अपने पशुओं की खरीद-बिक्री के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने मेले की 50वीं वर्षगांठ पर आयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए इसके सफल आयोजन की कामना की। विधायक वीरेंद्र सिंह राणा ने कहा कि जय मां दुर्गा पशु मेले ने लंबे समय से क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। मेले का पांच दशक का सफर इसकी लोकप्रियता और निरंतरता को दर्शाता है। उन्होंने पशुपालकों और व्यापारियों से मेले का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। द्घाटन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, पशुपालक, व्यापारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। दिनभर मेले में लोगों की आवाजाही बनी रही और आयोजन स्थल पर उत्सव जैसा माहौल नजर आया।











