
सादाबाद (सहपऊ) 08 अगस्त। थाना सहपऊ क्षेत्र में विवाहिता की हत्या कर शव जलाए जाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी आकाश पुत्र रामब्रेश निवासी ग्राम थरौरा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 1 अगस्त को सुरेश चंद्र पुत्र रामदयाल निवासी जाइमई, थाना सिरसागंज, जनपद फिरोजाबाद ने थाने में लिखित तहरीर देकर सूचना दी थी कि उनकी बेटी की शादी 3 फरवरी 2012 को अमित कुमार उर्फ जैकी निवासी ग्राम थरौरा, थाना सहपऊ, जनपद हाथरस के साथ हुई थी। आरोप है कि 31 जुलाई को ससुरालीजनों ने उनकी बेटी की हत्या कर उसके शव को जला दिया। सूचना के आधार पर थाना सहपऊ में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा ने घटना में शामिल अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए थाना प्रभारी निरीक्षक सहपऊ को निर्देश दिए। पुलिस के अनुसार, 8 अगस्त 2026 को थाना सहपऊ पुलिस ने घटना का अनावरण करते हुए नामजद आरोपी आकाश पुत्र रामब्रेश निवासी ग्राम थरौरा को महरारा चौराहे से गिरफ्तार किया। मामले में एक महिला अभियुक्ता (सास) की गिरफ्तारी भी दर्शाई गई है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्तों के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस संबंध में थाना सहपऊ पर मुकदमा अपराध संख्या 145/2026, धारा 191(1), 103(1), 238 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत है।











