सिकन्दराराऊ (हसायन) 07 अगस्त । विद्युत उपखंड चतुर्थ क्षेत्र में विद्युत नलकूप टयूवैल संयोजन बिजली कनेक्शन के नाम पर एक विद्युत कर्मचारी के द्वारा विद्युत अधिकारियो के नाम पर कथित रिश्वत मांग करने का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।हालांकि वायरल ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की जा सकती।ऑडियो सामने आने के बाद विद्युत विभाग में हडकंप मच गया।उक्त प्रकरण अब तूल पकड़ता जा रहा है।
इस प्रकरण के संदर्भ में विद्युत उपखंड चतुर्थ हसायन क्षेत्र के गांव बपंडई निवासी जतिन कुमार ने आगरा दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक (एम.डी.) को व्हाट्सएप के माध्यम से वायरल ऑडियो और एक लिखित शिकायत भेजी है। शिकायत करते हुए लिखित शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गांव बपंडई के रहने वाले किसान एडवोकेट रामानुज कौशिक के निजी खेत पर विद्युत टयूवैल नलकूप का बिजली कनेक्शन दिलाने के लिए एक संविदा स्तर के विद्युत लाइनमैन ने कथित रूप से अवर अभियंता के कहने पर एक लाख पचास हजार रुपये की मांग की।शिकायत के अनुसार, कथित बातचीत में कहा गया कि यदि उपभोक्ता स्वयं एस्टीमेट का पैसा जमा कराएगा तो पिचहत्तर हजार रुपये देने होंगे, जबकि अधिक भागदौड़ स्वयं करने पर पचास हजार रुपये में काम हो जाएगा। शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि बातचीत के दौरान कथित रूप से कहा गया कि यह पैसा विभिन्न अधिकारियों तक जाता है। शिकायत के साथ कथित फोन कॉल रिकॉर्डिंग को भी साक्ष्य के रूप में भेजा गया है।शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि रामानुज कौशिक के निजी नलकूप के कनेक्शन और लाइन खींचने के नाम पर अस्सी हजार रुपये दिए गए। शिकायतकर्ता ने मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित विद्युत कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में मामला हसायन क्षेत्र के 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र नगला वीरसहाय से संबंधित बताया गया है।इस संबंध में आगरा दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक कार्यालय से फोन पर संपर्क करने पर प्रबंध निदेशक के निजी सचिव (पीएस) विष्णु ने बताया कि वायरल ऑडियो लाइनमैन और उपभोक्ता के बीच हुई कथित बातचीत का है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच के लिए अधीक्षण अभियंता (एस.ई) को निर्देशित कर दिया गया है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।अवर अभियंता अजय शर्मा ने सभी आरोप को निराधारा बताया है।विद्युत उपखंड चतुर्थ के विद्युत उपखंड अधिकारी एई एसडीओ हाईडिल शुभम कुमार सिंह ने बताया कि वायरल ओडियो क्लिप का प्रकरण उनके संज्ञान में है।मगर वायरल ऑडियो क्लिप में यह स्पष्ट नही हो रहा है किसकी बात और किससे हो रही है।उक्त प्रकरण की विभाग के द्वारा जांच पडताल कराई जा रही है।फिलहाल मामले की जांच जारी है और आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।










