
हाथरस 06 अगस्त। सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने और हिट एंड रन जैसे मामलों में संलिप्त पाए गए वाहन चालकों के खिलाफ परिवहन विभाग का अभियान लगातार जारी है। अलीगढ़ मंडल में अब तक 135 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए जा चुके हैं। विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के साथ वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार, मंडल में सबसे अधिक एटा में 59, अलीगढ़ में 37, हाथरस में 22 और कासगंज में 17 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। परिवहन विभाग द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वाले और हिट एंड रन जैसे मामलों में लापरवाही बरतने वाले चालकों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। आरटीओ (प्रवर्तन) दिनेश कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि हिट एंड रन उस स्थिति को कहा जाता है, जब कोई वाहन चालक किसी व्यक्ति, जानवर या संपत्ति को टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो जाता है। ऐसे मामलों में दुर्घटना के बाद घायल व्यक्ति की मदद करना और संबंधित अधिकारियों को सूचना देना महत्वपूर्ण है। परिवहन विभाग के अनुसार, सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अधिकारियों ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और सड़क दुर्घटना की स्थिति में जिम्मेदारी के साथ सहायता करने की अपील की है।








