Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ 06 अगस्त । महाराणा प्रताप राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सिकंदराराऊ में आज नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास, महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण से परिचय और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के उद्देश्य से दीक्षा कार्यक्रम एवं “उज्ज्वल भविष्य हेतु कैरियर काउंसिलिंग एवं परामर्श” विषयक प्रेरणादायक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. शैफाली सुमन सहित अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। प्राचार्या ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय केवल डिग्री प्राप्त करने का स्थान नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व निर्माण, नेतृत्व क्षमता के विकास और जीवन मूल्यों को आत्मसात करने की श्रेष्ठ पाठशाला है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, समयपालन, नियमित अध्ययन और नैतिक मूल्यों का पालन करने का आह्वान किया। साथ ही विद्यार्थियों को कल का जिम्मेदार नागरिक बताते हुए राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के दूसरे सत्र में “उज्ज्वल भविष्य हेतु कैरियर काउंसिलिंग एवं परामर्श” विषय पर संगोष्ठी आयोजित हुई। इसमें मुख्य वक्ता प्रो. संजीव कुमार और विशिष्ट वक्ता डॉ. अज़ब सिंह ने छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन किया। प्रो. संजीव कुमार ने वर्तमान समय को तीव्र प्रतिस्पर्धा का युग बताते हुए विद्यार्थियों को अपनी रुचि, योग्यता और क्षमता के अनुरूप कैरियर का चयन करने की सलाह दी। उन्होंने व्यक्तित्व विकास, संचार कौशल, तकनीकी दक्षता और सकारात्मक सोच के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। वहीं डॉ. अज़ब सिंह ने कहा कि आज युवाओं के सामने रोजगार और स्वरोजगार के अनेक अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने सूचना प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), डेटा साइंस, डिजिटल मार्केटिंग, बैंकिंग, सिविल सेवा, शिक्षण, स्वास्थ्य, कृषि, पर्यटन, उद्यमिता और स्टार्टअप सहित विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध कैरियर संभावनाओं की जानकारी विद्यार्थियों को दी। दीक्षा कार्यक्रम में प्रो. राम बहादुर, डॉ. जितेंद्र कुमार परमार एवं श्री दिनेश चंद्र शर्मा ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। प्रो. राम बहादुर ने विद्यार्थियों को समय रहते लक्ष्य निर्धारित कर योजनाबद्ध तरीके से तैयारी करने के लिए प्रेरित किया। डॉ. जितेंद्र कुमार परमार ने समय प्रबंधन के साथ अपनी रुचियों को विकसित करने की सलाह दी। वहीं श्री दिनेश चंद्र शर्मा ने समाजशास्त्र विषय के माध्यम से कैरियर निर्माण के विभिन्न अवसरों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन समारोहक श्री विश्वनाथ प्रताप सिंह ने किया। इस अवसर पर श्री अरवेश कुमार, श्री ब्रजमोहन सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षक एवं विशिष्ट जन उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के साथ-साथ कैरियर निर्माण और व्यक्तित्व विकास की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page