Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ 06 अगस्त । नगर के प्राचीन एवं ऐतिहासिक रामबाग मंदिर के जीर्णोद्धार और कथित अतिक्रमण को लेकर चल रहे विवाद में अब नागा साधुओं की मौजूदगी से मामला नया मोड़ लेता दिखाई दे रहा है। रामबाग परिसर स्थित लोकेश्वर महादेव मंदिर के प्रांगण में ठहरे नागा साधु दीपकगिरी महाराज ने प्रेस वार्ता कर मंदिर की स्थिति पर चिंता जताई और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की। नागा साधु दीपकगिरी महाराज ने बताया कि वह वाराणसी से अपने छोटे शिष्य मंडल के साथ सिकंदराराऊ पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि रामबाग मंदिर की वर्तमान स्थिति काफी चिंताजनक है। इस संबंध में कोतवाल और अधिशासी अधिकारी को लिखित शिकायत दी गई है। मंदिर परिसर से अतिक्रमण हटाने और उसे कब्जामुक्त कराने को लेकर अधिकारियों से फोन पर भी संपर्क करने का प्रयास किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कोतवाल ने उनकी बात नहीं सुनी और उनका नंबर ब्लैकलिस्ट कर दिया गया, जिससे संत समाज आहत है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में उच्च अधिकारियों से शिकायत की जाएगी। दीपकगिरी महाराज ने बताया कि सोमवार को सनातन समाज में जागरूकता और जनजागरण के उद्देश्य से शोभायात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि सोमवार से अगले सोमवार तक यदि मंदिर की स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो बड़ी संख्या में नागा साधु शहर में एकत्रित होंगे और इसके बाद संत समाज अपने स्तर से व्यवस्था करेगा। प्रेस वार्ता के दौरान नागा संत माधवानन्द गिरी, विवेकशील राघव, नरेश राघव, संजीव पुंढीर, केशव माहेश्वरी, सौरभ पुंढीर और प्रशांत माहेश्वरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। मंदिर के जीर्णोद्धार, अतिक्रमण और कथित कब्जे को लेकर लगाए गए आरोपों पर प्रशासन अथवा संबंधित पक्ष का पक्ष सामने नहीं आया है। ऐसे में मामले की वास्तविक स्थिति प्रशासनिक जांच और दोनों पक्षों के तथ्यों के सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page