
हाथरस 05 अगस्त। मुरसान थाना क्षेत्र के गांव पदू निवासी एक महिला ने अपने पति पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट, घर से निकालने और इंटरनेट मीडिया पर अश्लील फोटो प्रसारित करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने एसपी को शिकायती पत्र देकर जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के अनुसार उसकी शादी 18 अप्रैल 2025 को अलीगढ़ जिले के टप्पल थाना क्षेत्र के गांव धाधौली निवासी अतुल पुत्र राजू सिंह के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। अतुल वर्तमान में शाहजहांपुर जनपद में सीओ कार्यालय में आरक्षी के पद पर तैनात है। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति और ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसे ससुराल से बाहर निकाल दिया गया। पीड़िता ने बताया कि मामले को लेकर उसने पहले महिला थाना हाथरस में शिकायत की थी। इसके बाद उसने हाथरस न्यायालय में भरण-पोषण एवं दहेज उत्पीड़न का वाद भी दायर किया है। आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद उसका पति पुलिस की वर्दी और पद का रौब दिखाते हुए उसे लगातार धमका रहा है और मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहा है। शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति अपने फेसबुक अकाउंट के माध्यम से उसके भाई के मोबाइल नंबर पर उसके अश्लील फोटो भेज रहा है। पीड़िता ने वायरल किए गए फोटो भी शिकायती पत्र के साथ पुलिस को उपलब्ध कराने की बात कही है। उसने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व में अतुल चार-पांच अज्ञात लोगों के साथ उसके घर में घुसकर उसके साथ मारपीट कर चुका है। महिला का आरोप है कि अब भी उसे जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकियां दी जा रही हैं। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।








