
हाथरस 05 अगस्त। कोतवाली चंदपा क्षेत्र के गांव पट्टी सावंत में मामूली बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद के बाद मारपीट हो गई। दोनों पक्षों में जमकर लात-घूंसे चले, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। बताया गया कि गांव पट्टी सावंत में किसी मामूली बात को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों के बीच कहासुनी के बाद गाली-गलौज शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। मारपीट के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। ग्रामीणों ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। मारपीट में मनीष पुत्र शिशुपाल, राहुल पुत्र हुकुम सिंह और सुरेश पुत्र शिशुपाल, निवासी गांव पट्टी सावंत घायल हो गए। पुलिस ने तीनों घायलों का जिला अस्पताल में उपचार कराया। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।








