Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ 04 अगस्त।। रविवार रात और सोमवार सुबह अलग-अलग सड़क हादसों में एक छात्र समेत आठ कांवड़िये घायल हो गए। इनमें छात्र और एक कांवड़िये की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें अलीगढ़ रेफर कर दिया। रविवार रात करीब नौ बजे सोरों के गंगाघाट से कांवड़ लेकर आगरा लौट रहे रवि पुत्र महेश निवासी आगरा, रूपेश पुत्र रमेश चंद्र, प्रेमशंकर पुत्र रामपाल, कप्तान सिंह पुत्र गोपाल और धर्मेंद्र पुत्र जगदीश निवासीगण बरहन, जिला आगरा, गांव अगसौली के समीप पहुंचे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने कांवड़ियों को टक्कर मार दी। हादसे में पांचों कांवड़िये गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों को रेफर कर दिया गया।

दूसरा हादसा सोमवार सुबह करीब आठ बजे कासगंज रोड स्थित गांव नावली लालपुर के समीप हुआ। सड़क किनारे खड़े छात्र हिमांशु पुत्र कमलेश निवासी नावली लालपुर को गलत दिशा से बाइक पर आ रहे कांवड़िये उदयवीर पुत्र कुंवरपाल निवासी अगसौली ने टक्कर मार दी। हादसे में उदयवीर के साथ बाइक सवार आर्यन पुत्र शिवकुमार भी घायल हो गया। कांवड़ियों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जबकि परिजन घायल छात्र हिमांशु को कस्बे के एक निजी अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अलीगढ़ रेफर कर दिया। थाना प्रभारी शिव कुमार शर्मा ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page