Hamara Hathras

Latest News

मथुरा 04 अगस्त। राजीव इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा 11 और 12 के छात्र-छात्राओं के बीच आयोजित एकदिनी हैकाथॉन प्रतियोगिता में नवाचार, तकनीकी कौशल और टीमवर्क का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। प्रतियोगिता में 16 टीमों ने प्रतिभाग किया और विद्यार्थियों ने कोडिंग प्रोग्रामों के माध्यम से अपने विचारों को कार्यशील तकनीकी मॉडल में बदलने का प्रयास किया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न गेम्स, ऐप, वेबसाइट और अन्य तकनीकी क्षेत्रों में अपनी बौद्धिक क्षमता का प्रदर्शन किया। छात्रों ने ट्रेड सेवर, हिसाब क्विक, घोस्ट (टू हाइड सिक्योर मैसेज), चैटबॉट, फूड ब्रिज (फॉर सप्लाइंग एक्स्ट्रा फूड फॉर पीपुल इन नीड) सहित विभिन्न प्रोग्राम तैयार कर निर्णायकों का ध्यान आकर्षित किया। प्रतियोगिता के समापन पर निर्णायक मंडल में शामिल आरएटीएम की असिस्टेंट प्रोफेसर भाग्यश्री और असिस्टेंट प्रोफेसर (डॉ.) निधि वर्मा आर्य ने टीम बैट सिग्नल को विजेता, टीम फॉर्मल सोसाइटी को रनरअप तथा टीम सेफ सर्कल को सेकंड रनरअप घोषित किया। विजेता टीम बैट सिग्नल में कक्षा 12 के विवान सारस्वत, सक्षम खंडेलवाल और आदित्य राघव, रनरअप टीम में कक्षा 12 के शौर्य शर्मा, गुंजन अग्रवाल और मधुर चतुर्वेदी, जबकि सेकंड रनरअप टीम में कक्षा 11 के आरुष अग्रवाल, ईशान श्रीवास्तव और योगेश अग्रवाल ने शानदार प्रदर्शन किया। अतिथि निर्णायकों ने विजेता एवं उपविजेता छात्र-छात्राओं को ट्रॉफी और प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

आर.के. एज्यूकेशनल ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. रामकिशोर अग्रवाल ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए प्रेरित करते हैं और उन्हें वैश्विक स्तर की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के मानसिक एवं बौद्धिक विकास के लिए इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन समय-समय पर आवश्यक है। स्कूल के चेयरमैन मनोज अग्रवाल ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि आज के डिजिटल युग में सीखने के लिए बहुत कुछ है और समय के साथ आगे बढ़ने के लिए कोडिंग जैसी तकनीकी जानकारी बेहद जरूरी है। स्कूल की प्रिंसिपल नंदिता ढींगरा ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रतियोगिता में जीतने से अधिक महत्वपूर्ण उसमें सहभागिता करना है। निरंतर प्रयास जारी रखने से सफलता अवश्य प्राप्त होगी। प्रतियोगिता के सुचारु संचालन में कम्प्यूटर शिक्षकों अम्बिका जैन, प्रिया सेठ और रोहित का विशेष योगदान रहा। अंत में प्रिंसिपल नंदिता ढींगरा ने अतिथि निर्णायकों का बहुमूल्य समय देने के लिए आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page