
हाथरस 01 अगस्त। जिले के सरकारी और निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश की ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। अभ्यर्थी चार अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद प्राप्त आवेदनों के आधार पर ऑनलाइन काउंसिलिंग की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस बार हाथरस के युवाओं के लिए खास अवसर है कि पुरानी आईटीआई के साथ हाल ही में बनकर तैयार हुई राजकीय सदर आईटीआई मेंडू में भी इसी सत्र से प्रवेश और प्रशिक्षण की शुरुआत हो रही है। नवस्थापित आईटीआई मेंडू में कुल सात ट्रेडों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनमें दो वर्षीय ट्रेडों में इलेक्ट्रीशियन, फिटर, मैकेनिक आरएसी, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक और मशीनिस्ट तथा एक वर्षीय ट्रेडों में कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट (कोपा) और वेल्डर शामिल हैं। वहीं राजकीय आईटीआई सिकंदराराऊ में 16 ट्रेडों की कुल 552 सीटों पर प्रवेश के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं। यहां स्टेनो हिंदी, फिटर, इलेक्ट्रीशियन, वेल्डर, कोपा, ट्रैक्टर मैकेनिक, बेसिक कॉस्मेटोलॉजी, स्विंग टेक्नोलॉजी, सीएचएनएम, कैम प्रोग्रामर, बेसिक डिजाइनर एंड वर्चुअल वेरिफायर, आर्टिसन यूजिंग एडवांस टूल्स, ईपीडी और सीएईडी समेत विभिन्न आधुनिक तकनीकी पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इसके अलावा जिले में संचालित निजी आईटीआई की करीब 2,500 सीटों पर भी प्रवेश का अवसर उपलब्ध है। आईटीआई मेंडू के शुरू होने से हाथरस और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को तकनीकी शिक्षा एवं प्रशिक्षण के लिए दूसरे जिलों या दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना चार अगस्त तक अपना ऑनलाइन आवेदन जमा कर दें।










