
हाथरस01 अगस्त। निस्वार्थ सेवा संस्थान के तत्वावधान में घंटाघर के पास स्थित एक हॉस्पिटल में आज विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ भगवान श्रीरामचंद्र जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं विधिवत पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इसके बाद संस्थापक विष्णु अग्रवाल ने फीता काटकर शिविर का उद्घाटन किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने जनसेवा और बेहतर स्वास्थ्य के संकल्प को दोहराया। शिविर में डॉ. अनुभव राकेश सोनी ने अपनी सेवाएं देते हुए बड़ी संख्या में पहुंचे मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। उन्होंने हृदय रोग, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, छाती एवं श्वास संबंधी रोग, पेट एवं पाचन संबंधी समस्याओं, किडनी रोग सहित विभिन्न बीमारियों से पीड़ित मरीजों को निःशुल्क चिकित्सीय परामर्श दिया। साथ ही आवश्यक जांच कराने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए। शिविर में करीब 80 लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सीय परामर्श का लाभ उठाया। शिविर के दौरान ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर की जांच पूरी तरह निःशुल्क की गई। इसके अलावा ईसीजी मात्र 100 रुपये में तथा अन्य रक्त जांचों पर 50 प्रतिशत की विशेष छूट प्रदान की गई। मरीजों ने निस्वार्थ सेवा संस्थान की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए उपयोगी और सराहनीय प्रयास बताया।
संस्था के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने बताया कि निस्वार्थ सेवा संस्थान का उद्देश्य जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि संस्था समय-समय पर स्वास्थ्य, शिक्षा, रक्तदान, गौसेवा सहित विभिन्न सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करती रहती है। भविष्य में भी ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाओं का लाभ मिल सके। शिविर के सफल संचालन में हॉस्पिटल के चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, निस्वार्थ सेवा संस्थान के पदाधिकारियों, स्वयंसेवकों और सहयोगियों का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, सचिव नीरज गोयल, कोषाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी सीए प्रतीक अग्रवाल, प्रवक्ता हिमांशु गौड़, सोशल मीडिया प्रभारी सारांश टालीवाल, सह सचिव तरुण राघव, सह सचिव निष्कर्ष गर्ग, ध्रुव कोठीवाल, आशीष अग्रवाल, सतेंद्र मोहन, लोकेश सिंघल, विशाल सोनी, सौरभ शर्मा, आलोक अग्रवाल एवं सुनील कुमार मौजूद रहे। हॉस्पिटल की ओर से डॉ. अनुभव राकेश सोनी के साथ कुलदीप राणा, छवी महाशय, शीतल यादव, गुनगुन और मनीष रॉय उपस्थित रहे। वहीं राजेंद्र बाबू, राकेश कुमार, दिनेश कुमार, धीरेंद्र कुमार, बंटी ठाकुर, प्रमोद, बांके बिहारी वार्ष्णेय, आदित्य स्वर्णकार और आर्यन स्वर्णकार ने शिविर के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।










