Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 01 अगस्त। सहपऊ थाना क्षेत्र के गांव थरौरा में विवाहिता निर्मला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत और आनन-फानन में किए गए अंतिम संस्कार के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या कर साक्ष्य मिटाने के लिए शव को जला देने का आरोप लगाया है। फिरोजाबाद जिले के सिरसागंज थाना क्षेत्र के गांव जायमई निवासी निर्मला की शादी वर्ष 2012 में थरौरा निवासी अमित कुमार उर्फ जैकी से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया था, जिसके बाद निर्मला अपने मायके में रहने लगी थी। करीब दस वर्ष तक चले न्यायालयी विवाद के बाद कोर्ट के आदेश पर वह दोबारा ससुराल में रहने लगी थी। दंपती की कोई संतान नहीं थी और पति हरियाणा के बल्लभगढ़ में नौकरी करता है। मायके पक्ष का आरोप है कि शुक्रवार सुबह निर्मला का ससुराल वालों से विवाद हुआ, जिसके कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। परिजनों को सूचना दिए बिना ससुराल पक्ष ने जल्दबाजी में उसका अंतिम संस्कार कर दिया और घर में ताला लगाकर चले गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड ने जलती चिता को बुझाया, जिसके बाद पुलिस ने जले हुए अवशेष कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। मौके पर फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने भी महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। मृतका के पिता सुरेश चंद्र की तहरीर पर पति अमित उर्फ जैकी समेत ससुराल पक्ष के कई लोगों के विरुद्ध हत्या और साक्ष्य मिटाने सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। सीओ सादाबाद जेएन अस्थाना ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page