Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ 31 जुलाई। सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव रायपुर में खेत के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में भाई और भतीजों द्वारा लाठी-डंडों एवं ईंट से हमला कर एक व्यक्ति को घायल करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव रायपुर निवासी पप्पू सिंह ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि 30 जुलाई की सुबह वह अपने घर के बाहर गली में खड़ा था। इसी दौरान उसका छोटा भाई जयप्रकाश तथा भतीजे भोला, गिर्राज और रवि हाथों में लाठी-डंडे लेकर वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने खेत के बंटवारे को लेकर विवाद शुरू करते हुए कहा कि आज हर हाल में बंटवारा कराकर ही रहेंगे। पीड़ित के अनुसार उसने समाज के छह लोगों की मौजूदगी में आपसी सहमति से बंटवारा कराने का सुझाव दिया, लेकिन इस बात पर आरोपी भड़क गए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि जयप्रकाश ने ईंट से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। पीड़ित का आरोप है कि जाते समय आरोपियों ने धमकी दी कि यदि उनकी मर्जी के अनुसार बंटवारा नहीं किया गया तो उसे और उसके बेटे को जान से मार देंगे। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page