
सिकन्दराराऊ 31 जुलाई। सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र में मुकदमे में फैसला कराने के नाम पर दो लाख रुपये लेने, रकम वापस न करने और रुपये मांगने पर जान से मारने तथा एससी-एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भूतेश्वर कॉलोनी निवासी देवव्रत यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव रामपुर विस्तौली निवासी भीषमपाल सिंह, उसकी पत्नी किरण देवी तथा पुत्र विपिन और रवि उर्फ रविंद्र के विरुद्ध थाना सिकंदराराऊ में पहले से एक मुकदमा दर्ज है। आरोप है कि उक्त लोगों ने उस मुकदमे में फैसला कराने के नाम पर रुपये मांगे और एक माह के भीतर पूरी रकम लौटाने का भरोसा दिया। पीड़ित के अनुसार 15 जून 2026 को उसने अपने बैंक खाते से भीषमपाल सिंह के खाते में दो लाख रुपये स्थानांतरित किए, जबकि शेष राशि नकद दी। निर्धारित समय बीतने के बाद जब 22 जुलाई की शाम वह अपने रुपये मांगने के लिए रामपुर विस्तौली पहुंचा तो आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, दोबारा रुपये मांगने पर झूठे एससी-एसटी एक्ट के मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी भी दी। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। पीड़ित ने खुद को आर्थिक और सामाजिक क्षति होने की बात कहते हुए आरोपितों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।





