Hamara Hathras

Latest News

सासनी 31 जुलाई। सासनी और आसपास के क्षेत्रों में आज सुबह करीब 9 बजे तकनीकी खराबी के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। कई घंटों तक बिजली गुल रहने से उमस भरी गर्मी में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही विद्युत विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और लाइन का गहन निरीक्षण शुरू किया। जांच के दौरान तकनीकी खराबी का पता चलने पर तत्काल मरम्मत कार्य प्रारंभ किया गया। कर्मचारियों ने पूरी सतर्कता के साथ आवश्यक सुधार कार्य करते हुए कई घंटों की मशक्कत के बाद विद्युत लाइन को पुनः सुचारु कर दिया, जिसके बाद क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सामान्य हो गई। बिजली आने से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। विद्युत विभाग के कर्मचारी मुनेंद्र ने बताया कि बरसात के मौसम में तकनीकी कारणों से विद्युत लाइनों में खराबी आ जाना सामान्य बात है। ऐसी समस्याओं को विभाग प्राथमिकता के आधार पर ठीक करता है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि बिजली संबंधी किसी भी समस्या की सूचना तत्काल विभाग के हेल्पलाइन नंबर या स्थानीय बिजलीघर पर दें, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके। जेई अमित कुमार ने भी पुष्टि की कि लाइन में तकनीकी खराबी आने के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित हुई थी, जिसे समय रहते ठीक कर आपूर्ति बहाल कर दी गई। स्थानीय निवासी रणवीर सिंह, रामेंद्र सिंह, राजू, वीरेंद्र कुमार और सुनील कुमार ने बिजली कर्मचारियों की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और लगातार प्रयास कर जल्द ही समस्या का समाधान कर दिया। विद्युत विभाग ने भविष्य में भी उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं बेहतर विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास जारी रखने का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page