Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 31 जुलाई। नाग पंचमी के शुभ अवसर पर 16 एवं 17 अगस्त को जनपद गोरखपुर में आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश केसरी, कुमार एवं वीर अभिमन्यु टाइटल कुश्ती प्रतियोगिता के लिए जिला एवं मंडल स्तरीय चयन प्रतियोगिता का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। उप क्रीड़ाधिकारी काशी नरेश यादव ने बताया कि जिला स्तरीय चयन/ट्रायल 10 अगस्त को प्रातः 11 बजे स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। इसके बाद मंडल स्तरीय चयन/ट्रायल 11 अगस्त को प्रातः 11 बजे अहिल्याबाई होल्कर स्पोर्ट्स स्टेडियम, अलीगढ़ में होगा। मंडल स्तर पर चयनित खिलाड़ी गोरखपुर में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।

प्रतियोगिता के भार वर्ग एवं पुरस्कार इस प्रकार हैं—

उत्तर प्रदेश केसरी के लिए खिलाड़ी का भार वर्ग 80 किलोग्राम से अधिक होना चाहिए। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले पहलवान को 1,01,000 रुपये, गदा एवं प्रमाण-पत्र, द्वितीय स्थान पर 51,000 रुपये तथा तृतीय स्थान पर 21,000 रुपये एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा।

उत्तर प्रदेश कुमार वर्ग में 66 से 80 किलोग्राम भार वर्ग के खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। विजेता को 1,00,000 रुपये, गदा एवं प्रमाण-पत्र, उपविजेता को 51,000 रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 21,000 रुपये एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा।

उत्तर प्रदेश वीर अभिमन्यु वर्ग में 55 से 65 किलोग्राम भार वर्ग के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 51,000 रुपये, गदा एवं प्रमाण-पत्र, द्वितीय स्थान पर 25,000 रुपये तथा तृतीय स्थान पर 11,000 रुपये एवं प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे।

उप क्रीड़ाधिकारी ने बताया कि चयन प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को अपने साथ आयु प्रमाण-पत्र एवं आधार कार्ड की छायाप्रति अनिवार्य रूप से लानी होगी। उन्होंने जनपद के पात्र खिलाड़ियों से निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होकर चयन प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page