Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 31 जुलाई। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स ने विगत रात्रि अलीगढ़-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सासनी क्षेत्र स्थित कांवड़ यात्रा मार्ग का देर रात स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कांवड़ शिविरों, सड़क किनारे की प्रकाश व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं के लिए की गई विभिन्न सुविधाओं का गहन निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए, जिससे रात्रि के समय श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सभी कांवड़ शिविरों पर श्रद्धालुओं के ठहरने, शुद्ध पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा सभी व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाए रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं निर्बाध आवागमन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि कहीं किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न होती है तो उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), उप जिलाधिकारी सासनी, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत, खंड विकास अधिकारी सासनी, अधिशासी अधिकारी सासनी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page